अन्तर्राष्ट्रीय मानवाधिकार न्याय परिषद महिला शाखा की राष्ट्रीयध्यक्षा बनी सत्यभामा मिश्रा
आकाशवाणी इलाहाबाद में वार्ताकार, ग्रामीण उत्थान समिति की राष्ट्रीयाध्यक्षा एवं प्रसिद्ध कवियत्री सत्यभामा मिश्रा पत्नी सुरेन्द्र प्रसाद मिश्रा निवासी जिला प्रयागराज को अन्तर्राष्ट्रीय मानवाधिकार न्याय परिषद (रजि.) महिला शाखा की राष्ट्रीयध्यक्षा मनोनीत किया गया है। यह निर्णय अन्तर्राष्ट्रीय मानवाधिकार न्याय परिषद (रजि.) की एल्डर कमेटी की बैठक में चेयरमैन देवेश मिश्रा की संतुष्टि पर सर्वसम्मति से लिया गया है। इस बैठक में एल्डर कमेटी के चेयरमैन देवेश मिश्रा, एल्डर कमेटी के सदस्य एवं अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार न्याय परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जसबीर सिंह दुग्गल, सुभाष चंद्र मिश्रा, ट्विंकल, उत्सव मिश्रा आदि पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में चेयरमैन देवेश मिश्रा ने बताया कि एमएसडब्ल्यू पास सत्यभामा मिश्रा को राष्ट्रीय सहारा, आज चौथी दुनिया, पंजाब केसरी, क्राइम ऑफ नेशन की सह संपादक के रूप में 12 वर्ष पत्रकारिता और राजनीति का भी अनुभव है। इस पर बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने आशा जताई कि सत्यभामा मिश्रा के साथ जुड़ने से संस्था अपने उद्देश्य की ओर अग्रसर होगी। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष जसबीर सिंह दुग्गल ने बताया कि महिला विंग की नवनियुक्त राष्ट्रीयाध्यक्षा सत्यभामा मिश्रा को नई कार्यकारिणी गठित करने का भी अधिकार दिया गया है। वे एल्डर कमेटी के पदाधिकारियों से विचार विमर्श कर सभी अहम पदों पर नियुक्तियां करने के साथ साथ संस्था का देश के विभिन्न राज्यों में भी प्रचार प्रसार कर सकेंगी। संस्था के इस निर्णय पर जहां सत्यभामा मिश्रा के समर्थको में खुशी की लहर है, वहीं अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार न्याय परिषद उत्तर प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रेश दुबे सहित समस्त पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए प्रसन्नता का इजहार किया है।